गढ़पहरा मेले में कल होगा जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
सागर जिले के ऐतिहासिक गढ़पहरा मेले के अंतिम मंगलवार को वरिष्ठ पहलवान पं. स्व. लल्लू महाराज की स्मृति में जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता जिला कुश्ती संघ सागर के तत्वावधान में क्रीड़ा केंद्र बजरंग अखाड़ा, गढ़पहरा (कुड़ारी) में आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के लिए पहलवानों का वजन सुबह 9:00 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा। इसमें 45–52 किग्रा, 53–60 किग्रा, 61–69 किग्रा एवं 69 किग्रा से अधिक वजन वर्ग के पहलवान हिस्सा लेंगे। दोपहर 12:00 बजे से कुश्ती मुकाबलों का शुभारंभ होगा। प्रतियोगिता में पुरुष पहलवानों के साथ-साथ पहलवान बेटियों के भी रोमांचक मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
जिला कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष आनंद विश्वकर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, शील्ड एवं पट्टा देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, समाजसेवी डॉ. राजेन्द्र यादव एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदन यादव उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी यश यादव करेंगे।
आयोजन समिति के ऋषि महाराज एवं सचिव मनीष यादव (कुड़ारी) ने जिले के सभी खेल प्रेमियों, कुश्ती प्रेमियों एवं नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
स्थान: क्रीड़ा केंद्र बजरंग अखाड़ा, गढ़पहरा (कुड़ारी)
प्रतियोगिता प्रारंभ: दोपहर 12:00 बजे
गढ़पहरा मेले में कल होगा जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
Sagar | रिपोर्टर: Sandeep | 27 Jul 2026, 09:50 PM
